जमीन विवाद में छोटे भाई और भतीजे की पिटाई से बड़े भाई की मौत

सहरसा, 11 नवंबर (हि.स.)। जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र के भेलवा गांव में जमीन विवाद को लेकर छोटे भाई और भतीजे पर बड़े भाई की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है।

घटना में गंभीर रूप से जख्मी 55 वर्षीय सुनील कुमार सुमन की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है।

मृतक के छोटे बेटे सुशांत कुमार के अनुसार, मंगलवार को घर के पास बाउंड्री निर्माण को लेकर उनके पिता का छोटे भाई कृष्ण कुमार यादव उर्फ कारी यादव और भतीजे विवेक कुमार से विवाद हुआ था। इस दौरान मारपीट और पथराव में सुशांत भी जख्मी हो गए थे। मामले को लेकर सुनील ने सौरबाजार थाने में आवेदन भी दिया था।

बुधवार सुबह सुनील मॉर्निंग वॉक के लिए घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर बगीचे में गए थे। वहां वह लहूलुहान हालत में मिले। परिजन उन्हें सौरबाजार पीएचसी ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सुशांत ने चाचा और भतीजे पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.