तीन तलाक देकर घर से निकाला,सात पर मुकदमा

हरिद्वार, 11 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर आदमपुर निवासी एक विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष के छह अन्य लोगों पर दहेज की मांग को लेकर लंबे समय से शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, नौ नवंबर को उसके साथ मारपीट करने के बाद पति ने तीन बार तलाक बोलकर उसे घर से निकाल दिया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति समेत सात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में आमना ने बताया कि करीब 17 वर्ष पहले उसका निकाह पथरी थाना क्षेत्र के ग्राम मुस्तफाबाद निवासी नाजिम पुत्र स्वर्गीय निसार के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। दंपती के तीन बच्चे हैं। इनमें 16 वर्षीय बेटा फुजैल, 14 वर्षीय बेटी फिजा और पांच वर्षीय बेटी इनाया शामिल हैं।

आमना का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने को लेकर उसे ताने देते थे। दो बेटियों के जन्म के बाद उसके साथ उत्पीड़न और बढ़ गया। पति नाजिम के अलावा सास समीना, देवर नईम, देवरानी अफरोज और ननद नाजमा, शबाना व शबनम भी उसे लगातार प्रताड़ित करते थे। पीड़िता के अनुसार, लंबे समय से उसे शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि नौ नवंबर को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान पति नाजिम ने भी उसके साथ मारपीट करते हुए तीन बार तलाक बोल दिया और उसे केवल पहने हुए कपड़ों में घर से बाहर निकाल दिया। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसे चेतावनी दी कि यदि वह दोबारा घर के आसपास दिखाई दी तो जान से मार दिया जाएगा।

आमना ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति किसी अन्य अमीर लड़की से शादी करने की बात कहता था। उसका किसी दूसरी महिला से प्रेम प्रसंग भी चल रहा था। पीड़िता ने पुलिस से पति और अन्य ससुरालियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.