काम करने आए पांच मजदूर 98 हजार रुपये लेकर फरार, मुकदमा दर्ज

हरिद्वार, 11 नवंबर (हि.स.)। गन्ने की चरखी पर काम करने के लिए बुलाए गए पांच मजदूर चरखी संचालक से 98 हजार रुपये एडवांस लेकर फरार हो गए। मजदूरों के अचानक गायब होने और मोबाइल फोन बंद मिलने पर संचालक ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तीन नामजद समेत पांच आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, लक्सर क्षेत्र के रणसूरा गांव निवासी शौकीन पुत्र बरकत गन्ने की चरखी चलाते हैं। पीड़ित के मुताबिक, उन्होंने एक नवंबर 2026 को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के सिकरेड़ा गांव निवासी प्रवेज, कामिल, समीर और दो अन्य मजदूरों को चरखी पर भट्ठी झोंकने के काम के लिए बुलाया था। काम के एवज में पांचों को कुल 98 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे।

आरोप है कि यह रकम प्रवेज के घर पर ग्राम प्रधान के भतीजे गुलाब की मौजूदगी में दी गई थी। इसके महज दो दिन बाद, तीन नवंबर को पांचों मजदूर बिना कोई सूचना दिए अचानक गायब हो गए। काफी तलाश करने और संपर्क करने का प्रयास करने के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं लगा। आरोप है कि सभी के मोबाइल फोन भी बंद आ रहे हैं।

इसके बाद पीड़ित ने छह नवंबर को लक्सर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आज तीन नामजद समेत पांच आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.