रुद्रप्रयाग, 11 नवंबर (हि.स.)। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर खच्चरों की लीद के निस्तारण की समस्या से निपटने के लिए सोनप्रयाग में एक अनूठी पहल की गई है। यहां खच्चरों की लीद और पीरूल (चीड़ की सूखी पत्तियों) के मिश्रण से फायर पेलेट तैयार किए जा रहे हैं। दावा है कि भारत में पहली बार इस तकनीक से बायोमास पेलेट बनाने की इकाई स्थापित की गई है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बुधवार को सोनप्रयाग स्थित इकाई का निरीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली का जायजा लिया। अधिकारियों के अनुसार, इकाई फिलहाल बड़े पैमाने पर उत्पादन करने में सक्षम नहीं है, लेकिन शुरुआती परिणाम उत्साहजनक हैं। यहां तैयार पेलेट का इस्तेमाल केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं के लिए स्थापित हॉट वॉटर जनरेटर में किया जाएगा। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को 24 घंटे निःशुल्क गर्म पानी उपलब्ध कराने की योजना है।
इन बायोमास पेलेट को कार्बन न्यूट्रल ईंधन विकल्प बताया गया है। इनका उपयोग हॉट वॉटर बॉयलर के अलावा ढाबों को उपलब्ध कराए जाने वाले फायर स्टोव में भी किया जाएगा। इससे गैस और डीजल की खपत कम करने में मदद मिलेगी। उत्तराखंड में स्थापित उद्योगों की भट्टियों में भी इन पेलेट के इस्तेमाल की संभावनाएं हैं।
इस इकाई की स्थापना उत्तराखंड पर्यटन विभाग के सहयोग से जिला प्रशासन, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय और वन विभाग के समन्वय में एनजीओ हाईफीड ने की है।
संस्था के निदेशक उदित घिल्डियाल ने बताया कि भारी यात्रा दबाव के कारण सोनप्रयाग में इकाई और केदारनाथ में हॉट वॉटर जनरेटर स्थापित करने में कई कठिनाइयां आईं। उन्होंने बताया कि जल्द ही लिंचोली और गौरीकुंड में भी हॉट वॉटर जनरेटर स्थापित किए जाएंगे।