सुप्रीम कोर्ट ने दी तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति, आम लोगों के प्रवेश पर रोक
नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। उच्चतम न्यायालय ने एक विशेष छूट देते हुए 24 नवंबर को तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दे दी। जस्टिस अरविंद कुमार की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि केवल देवस्थानम (मंदिर प्रशासन) के अधिकृत व्यक्ति और सरकारी अधिकारी ही दीप जलाने के लिए जा सकते हैं। कोर्ट ने अधिकारियों को जरूरत पड़ने पर उचित सुरक्षा व्यवस्था तैनात करने का निर्देश दिया।
हालांकि, उच्चतम न्यायालय ने मद्रास उच्च न्यायालय के उस फैसले पर रोक लगा दी, जिसमें तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी गई थी। कोर्ट ने इस बात पर गौर किया कि कार्तिगई दीपम उत्सव 24 नवंबर को मनाया जाना है। अपने मौजूदा आदेश में कोर्ट ने इस बात को ध्यान में रखा कि एक बार अनुमति मिल जाने पर समारोह को बाद में रद्द नहीं किया जा सकता और अगर अभी अनुमति नहीं दी गई तो इस साल के उत्सव के लिए बाद में कोई राहत मिलना संभव नहीं होगा।
कोर्ट ने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए एक अंतरिम व्यवस्था की जरूरत है लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि यह केवल इसी साल के उत्सव तक सीमित रहेगी। कोर्ट ने निर्देश दिया कि उच्च न्यायालय की डिवीजन बेंच के 6 जनवरी के आदेश के पैराग्राफ 1 से 140 तक के हिस्से पर, अगले आदेश तक रोक रहेगी।
उच्चतम न्यायालय ने स्थानीय प्रशासन और केंद्र सरकार को निर्देश दिया कि जरूरत पड़ने पर वे हस्तक्षेप करें, ताकि दीप प्रज्वलन समारोह के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित किए जा सकें। कोर्ट ने मंदिर के कार्यकारी अधिकारी, मदुरै जिला कलेक्टर, पुलिस आयुक्त और एएसआई को निर्देश दिया कि वे समारोह आयोजित करने के लिए अधिकृत टीम की संरचना और उसमें शामिल सदस्यों की संख्या तय करें।