खड़गपुर, 20 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-16 और ग्रामीण सड़कों पर अलग-अलग दो सड़क दुर्घटनाएं सामने आई हैं। नारायणगढ़ में एंबुलेंस के पेड़ से टकराने से तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए, जबकि इसी थाना क्षेत्र में एक पिकअप वैन बस के पीछे जा टकराई। वहीं, दांतन में सड़क पर जमा कीचड़ के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। लगातार हो रही बारिश के बीच इन घटनाओं ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार तड़के नारायणगढ़ के मकरामपुर टोल प्लाजा के निकट खड़गपुर-बालेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर एक एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। एंबुलेंस ओडिशा के भुवनेश्वर से कोलकाता की ओर जा रही थी। बारिश के वजह से चालक का वाहन बेकाबू हो गया और यह दुर्घटना हुई। हादसे में एंबुलेंस में सवार तीन लोग घायल हो गए। सूचना पाकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कर्मचारी और नारायणगढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को बाहर निकालने के साथ दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस को भी हटाया गया।
इसी दिन नारायणगढ़ बाजार के निकट एक अन्य दुर्घटना में बस के पीछे पिकअप वैन टकरा गई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पिकअप वैन नारायणगढ़ बाजार से होकर ओडिशा की ओर जा रही थी। इसी दौरान आगे चल रही बस के अचानक ब्रेक लगाने से पिकअप वैन का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी बस से टकरा गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को हटाया और घायलों को अस्पताल भेजा।
दूसरी ओर, दांतन-एक ब्लॉक के जामबौलिया से शोलाखिया जाने वाली ग्रामीण सड़क पर भी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीण लोगों के अनुसार ट्रैक्टर और हार्वेस्टर के पहियों में लगी मिट्टी सड़क पर गिर रही है। चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से हो रही बारिश के कारण सड़क पर बिखरी मिट्टी गीली होकर फिसलन भरे कीचड़ में बदल गई है। इससे पैदल यात्रियों, दोपहिया वाहन चालकों और अन्य वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस प्रशासन की ओर से बार-बार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद सड़क पर मिट्टी और कीचड़ फैलाने की प्रवृत्ति पर रोक नहीं लग पा रही है। ग्रामीणों ने सड़क से तत्काल कीचड़ हटाने और इस तरह की लापरवाही करने वालों के खिलाफ कड़ी निगरानी एवं कार्रवाई की मांग की है।