नई टिहरी । भाजपा की सह प्रदेश प्रभारी व सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि डबल इंजन सरकार में उत्तराखंड का चहुंमुखी विकास हो रहा है। पीएम मोदी और सीएम धामी की जन कल्याणकारी योजनाओं व भाजपा के स्पष्ट विजन से उत्तराखंड भाजपा जीत की हैट्रिक लगाएगी। उन्होंने कांग्रेस पर जबरन हर चीज का विरोध करने और उत्तराखंड के विकास के लिए कोई रोड मैप न होने का आरोप लगाया।
वीरवार को पहली बार टिहरी पहुंची सह प्रदेश प्रभारी बांसुरी स्वराज का जिलाध्यक्ष उदय रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। जिलाध्यक्ष उदय रावत ने संगठनात्मक गतिविधियों, विधानसभा चुनाव की तैयारियों से सहित अन्य जानकारी दी। बांसुरी स्वराज ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि भाजपा का मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं।
आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी सक्रियता एवं समर्पण के साथ करना होगा। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं सीएम धामी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच रहकर कार्य करने पर जोर दिया। बैठक में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, जिले की सभी छह सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
जिले के सह प्रभारी सत्येंद्र सिंह राणा ने 2027 के चुनाव से लेकर बूथ सशक्तिकरण और पार्टी नेतृत्व द्वारा दिए जाने वाले कार्यक्रमों को शत प्रतिशत पूरा करने पर जोर दिया। इस मौके पर टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी आदि मौजूद थे।