कामधेनुलोक गौशाला का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

हरिद्वार, 12 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सप्तऋषि स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक कामधेनुलोक गौशाला का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि गौसेवा भारतीय आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। गौसंरक्षण केवल धार्मिक दायित्व नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम भी है।

मुख्यमंत्री ने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था ने वर्ष 2010 में मात्र 11 गोवंश से सेवा शुरू की थी, जो आज पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं तक पहुंच चुकी है। वर्तमान में 35 हजार से अधिक गोवंश की देखरेख की जा रही है। हरिद्वार में भी हजारों निराश्रित, घायल, वृद्ध और बीमार गोवंश को आजीवन संरक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि संस्था की पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एंबुलेंस से अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को बचाकर आश्रय पहुंचाया गया है। गौशालाओं में उपचार, चारे और पौष्टिक आहार की व्यवस्था है। साथ ही संस्था प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन, राशन और चिकित्सा सहायता भी दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देसी गोवंश के संरक्षण, नस्ल संवर्धन और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखंड सरकार भी गौशालाओं के आधुनिकीकरण के लिए प्रयासरत है। प्रदेश के 72 पंजीकृत और नौ अनुबंधित गोसदनों में 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को आश्रय दिया जा रहा है। ग्राम्य गोसेवक योजना पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की गई है।

उन्होंने बताया कि शहरी विकास और पंचायती राज विभाग के सहयोग से 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है। बद्री गाय के घी और दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर बनाए गए हैं। अकेले चमोली में तीन ग्रोथ सेंटर संचालित हो रहे हैं, जिससे पर्वतीय पशुपालकों को स्वरोजगार मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मशीनों के बढ़ते उपयोग से नंदियों की पारंपरिक उपयोगिता घटी है, जिससे निराश्रित गोवंश का संरक्षण चुनौती बन गया है। इसके लिए गौशालाओं के साथ गोवंश को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, बायोगैस और कृषि नवाचारों से जोड़ना होगा। इससे किसानों की आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल सरकार की नहीं, समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। गौसंरक्षण कानूनों का प्रभावी पालन होगा। गोवंश के प्रति क्रूरता और गौहत्या बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी।

कुंभ की तैयारियों का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार आस्था का प्रमुख केंद्र है। कामधेनुलोक जैसी परियोजनाएं शहर की धार्मिक पहचान को समृद्ध करेंगी। वर्ष 2027 के कुंभ को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सड़क, यातायात, नए पुलों और बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। सुरक्षा, स्वास्थ्य और आपात सेवाओं के साथ आधुनिक भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि कामधेनुलोक गौशाला गौसेवा, पर्यावरण और आध्यात्मिक पर्यटन का अनुकरणीय मॉडल बनेगी।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज सहित अनेक संत, मेयर किरण जैसल, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.