40 वर्षीय बॉडीबिल्डर महेश चौहान का गोली लगा शव खेत में मिलने से सनसनी फैल गई
पलवल, 20 नवंबर (हि.स.)। जिले के भिडूकी गांव में 40 वर्षीय बॉडीबिल्डर महेश चौहान का गोली लगा शव खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। महेश का शव खेत में बने कमरे के पीछे खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। शव के पास एक देसी कट्टा और खाली खोल पड़ा था। वहीं, पास खड़ी सफेद कार की पिछली सीट पर रखे बैग से पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने हथियार और कारतूस कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हसनपुर थाना प्रभारी विजयपाल ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए मृतक के छोटे भाई नरेश ने पुलिस को शिकायत दी है। नरेश ने बताया कि वह खेत पर पहुंचे तो अपने बड़े भाई महेश को खेत में बने कोठड़े के पीछे खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा देखा। महेश को गोली लगी हुई थी। घटना की सूचना परिजनों ने डायल-112 पर पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर हसनपुर थाना पुलिस की टीम एएसआई लाल सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने महेश के शव के पास से एक देसी कट्टा और एक खाली खोल बरामद किया। इसके अलावा, घटनास्थल के पास खड़ी सफेद कार की तलाशी लेने पर पिछली सीट पर रखे बैग से पांच जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर सील कर दिया।
महेश को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। महेश चौहान बॉडीबिल्डिंग के क्षेत्र में जाने-माने खिलाड़ी थे और कई प्रतियोगिताओं में मेडल जीत चुके थे। उनकी मौत की सूचना से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा।