निलंबित एएसपी पर महिला ने लगाए गंभीर आरोप, थाना प्रभारी भी मुझसे गलत करवाना चाहती थीं

सिवनी, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिवनी के निलंबित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दीपक मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाते हुए एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। महिला ने आरोप लगाया है कि वह चोरी की शिकायत लेकर एएसपी के पास पहुंची थी, लेकिन उसे झूठे मुकदमे में फंसाया गया। महिला थाना प्रभारी संदीपिका ठाकुर पर भी प्रताड़ित करने और गलत काम के लिए दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं।

वायरल वीडियो में महिला का कहना है कि वह सोने के जेवर और नकदी चोरी होने की शिकायत लेकर एएसपी दीपक मिश्रा के पास गई थी। उसने घटना से संबंधित साक्ष्य और वीडियो भी अधिकारी को सौंपे थे। आरोप है कि वीडियो देखने के बाद एएसपी ने उसके आवेदन को कमजोर बताते हुए दूसरा आवेदन लाने को कहा और कोर्ट-कचहरी के चक्कर काटने की बात कही।

महिला के मुताबिक, एएसपी ने उसे एक वकील प्रमोद सोनी के पास भेजा और उनके माध्यम से आवेदन तैयार करवाया। आरोप है कि आवेदन में ऐसे लोगों के नाम भी शामिल कराए गए, जिनका घटना से कोई संबंध नहीं था। चोरी की शिकायत को लूट, अपहरण सहित अन्य गंभीर धाराओं में दर्ज कराने की कोशिश की गई। महिला का दावा है कि उसने इसका विरोध करते हुए गुहार लगाई, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई। उसे रात 10 बजे तक इधर-उधर भटकना पड़ा।

महिला ने आरोप लगाया कि चोरी के साक्ष्य मिटाने के लिए उसके कार्यस्थल से मोबाइल फोन भी चोरी करवाया गया। उसका कहना है कि शिकायत दिए एक महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। महिला थाना प्रभारी उसे दिनभर थाने में बैठाकर रखती थीं और रात 10 बजे तक घर जाने नहीं देती थीं। उसने आरोप लगाया कि सिवनी में कई कार्यालयों के चक्कर लगाने के बावजूद उसे न्याय नहीं मिला।

महिला ने महिला थाना प्रभारी संदीपिका ठाकुर पर आरोप लगाते हुए कहा कि एक दिन वे उसे एएसपी के चैंबर में ले गईं, जहां रात 12 बजे तक बाहर बैठाए रखा। जब वह परेशान हो गई तो थाना प्रभारी ने कथित तौर पर उसे एएसपी के बंगले पर जाने की सलाह दी। महिला ने वीडियो में थाना प्रभारी पर अनैतिक गतिविधियों के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। वह रोते हुए कहती है कि अब वह परेशान होकर मर जाना चाहती है और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ शिकायत करने पर उसे उल्टे पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है।

महिला का दावा है कि उसने मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में भी की थी, लेकिन वहां झूठा निराकरण दर्ज कर दिया गया। उसने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारियों ने मिलकर उसे फंसाया है और उसकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि एएसपी दीपक मिश्रा को गांजा प्रकरण में निलंबित किया जा चुका है। इससे पहले उनका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वे होटल में एक दंपती को गांजा रखकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देते नजर आए थे। इस मामले में मुख्यमंत्री के निर्देश पर उन्हें निलंबित किया गया था। नए वीडियो के सामने आने के बाद उनकी कार्यशैली को लेकर फिर सवाल उठ रहे हैं।

इस संबंध में शुक्रवार को सिवनी एसपी कृष्ण लालचंदानी ने मीडिया से कहा है कि वायरल वीडियो पुराना है और अब प्रसारित किया जा रहा है। मामले की जांच पुलिस मुख्यालय की ओर से सीआईडी को सौंपी गई थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.