कुहासे की सफेद चादर में लिपटी अरण्य सुंदरी झाड़ग्राम, सर्दी के मौसम का आनंद ले रहे पर्यटक

झाड़ग्राम, 18 नवंबर (हि. स.)। सर्दी का मौसम शुरू होते ही पश्चिम बंगाल के जंगलमहल क्षेत्र का झाड़ग्राम जिला कुहासे की सफेद चादर में लिपटने लगा है। सुबह की पहली किरण के साथ ही यहां की प्राकृतिक सुंदरता देखते ही बन रही है। हल्की ठंड और कुहासे से भरे खुशनुमा वातावरण का आनंद स्थानीय निवासियों के साथ दूर-दराज से आने वाले पर्यटक भी उठा रहे हैं।

सुबह होते ही लोग गर्म कपड़े पहनकर सैर के लिए घरों से निकल रहे हैं। वहीं, सड़कों के किनारे स्थित चाय की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ जुट रही है। चाय की चुस्कियों के साथ सुबह की गपशप और बातचीत का दौर चल रहा है। कुल मिलाकर झाड़ग्राम की सुबह इन दिनों सर्दी के खुशनुमा माहौल से सराबोर है।

दूसरी ओर, सर्दी के आगमन के साथ ही झाड़ग्राम में खजूर के पेड़ों से रस निकालने वाले शिउली (खजूर का रस संग्रह करने वाले कारीगर) भी पहुंचने लगे हैं। सुबह-सुबह खजूर के पेड़ों से रस एकत्र किया जा रहा है। इसी रस से बंगाल की प्रसिद्ध मिठाई नोलें गुड़ तैयार किया जाएगा। सर्दी के मौसम में नोलें गुड़ की मांग काफी बढ़ जाती है।

इसके साथ ही जिले के विभिन्न पर्यटन केंद्रों पर भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। कुहासे से ढके जंगल, सुहावना ठंडा मौसम, ताजा खजूर का रस और नोलें गुड़ का स्वाद पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। इन सबके बीच सर्दी के मौसम में अरण्य सुंदरी झाड़ग्राम एक नए और मनमोहक रूप में नजर आने लगा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.