ईंधनों की सूची की नए सिरे से समीक्षा करेगा सीएक्यूएम, विशेषज्ञ उपसमिति गठित

नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) अब विभिन्न क्षेत्रों में इस्तेमाल होने वाले ईंधनों की नए सिरे से समीक्षा करेगा। आयोग ने एनसीआर में पहले से स्वीकृत ईंधनों की मानक सूची की समीक्षा करने और जरूरत के मुताबिक उसमें बदलाव सुझाने के लिए 15 सदस्यीय विशेषज्ञ उपसमिति गठित की है। यह समिति तय करेगी कि मौजूदा सूची में किन ईंधनों को बनाए रखने, शामिल करने या हटाने की जरूरत है। इसके साथ ही एनसीआर से सटे क्षेत्रों में इस्तेमाल हो रहे ईंधनों की प्रदूषण क्षमता की भी जांच की जाएगी।

सीएक्यूएम के मुताबिक, उपसमिति विभिन्न क्षेत्रों और कार्यों में इस्तेमाल होने वाले ईंधनों का आकलन करेगी। इसमें यह देखा जाएगा कि कौन से ईंधन प्रदूषण की दृष्टि से अधिक नुकसानदेह हैं और किनके इस्तेमाल को नियंत्रित करने की जरूरत है। समिति ऐसे ईंधनों की पहचान कर उनके नियमन के लिए उपयुक्त उपायों की सिफारिश करेगी।

इस समीक्षा का असर उद्योगों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य क्षेत्रों में इस्तेमाल होने वाले ईंधनों पर पड़ सकता है। यदि समिति किसी ईंधन को अधिक प्रदूषणकारी पाती है तो उसके इस्तेमाल पर नियंत्रण, स्वीकृत सूची से हटाने या वैकल्पिक स्वच्छ ईंधन अपनाने की सिफारिश की जा सकती है। वहीं, जरूरत के अनुसार कुछ नए ईंधनों को भी स्वीकृत सूची में शामिल करने का सुझाव दिया जा सकता है।

खास बात यह है कि आयोग ने समीक्षा का दायरा केवल एनसीआर तक सीमित नहीं रखा है, बल्कि उससे सटे क्षेत्रों में इस्तेमाल होने वाले ईंधनों को भी इसमें शामिल किया है। इससे प्रदूषण नियंत्रण के लिए ईंधन संबंधी नियमों को अधिक व्यापक और प्रभावी बनाने की दिशा में कदम उठाया जा सकेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.