किशनगंज, 18 नवंबर (हि.स.)। जिले के पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र में 23 वर्षीय गर्भवती युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवती का मंगेतर ही उसका कातिल निकला।
पुलिस के अनुसार, शादी से महज तीन दिन पहले आरोपी ने युवती को मोबाइल फोन से मिलने के बहाने बुलाया और दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद अपने पिता और भाई के साथ मिलकर शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी बासिद आलम को पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे रतनपुर गांव से गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुदाल भी बरामद की गई है।
बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 14 नवंबर को मृतका के पिता जितालु, निवासी काला सिंघिया ने पहाड़कट्टा थाना में पुत्री की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी बेटी रात में परिवार के साथ सोई थी, लेकिन सुबह चार बजे नमाज के लिए जगाने पहुंचे तो वह बिस्तर पर नहीं मिली।
इस मामले में पहाड़कट्टा थाना कांड संख्या 297/26, दिनांक 14 नवंबर 2026, धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। 15 नवंबर को पुलिस ने गांव के ही एक खेत में गड्ढे से युवती का शव बरामद किया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल किशनगंज में कराया गया। तकनीकी अनुसंधान में सामने आया कि मृतका को उसके मंगेतर बासिद आलम ने घटना की रात फोन कर बुलाया था। दोनों की शादी 16 नवंबर को तय थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि दोनों के बीच एक वर्ष से संबंध था और युवती छह माह की गर्भवती थी। परिजनों और पंचायत के दबाव में वह शादी के लिए तैयार हुआ था, लेकिन खुद और उसका परिवार इस विवाह के पक्ष में नहीं था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने पिता और भाई के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। दोनों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटा रही है। छापेमारी टीम में जिला आसूचना इकाई और पहाड़कट्टा थाना के अधिकारी व जवान शामिल थे।