भाजपा की जीत की हैट्रिक के लिए अभी से जुटें कार्यकर्ता : सुरेश भट्ट

हल्द्वानी , 12 नवंबर (हि.स.)। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। राज्य स्तरीय राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य एवं अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष सुरेश भट्ट ने कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के सोनजाला (कोटाबाग) में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने और प्रदेश में भाजपा की जीत की हैट्रिक सुनिश्चित करने के लिए जन-जन तक पहुंचने का आह्वान किया।ग्राम प्रधान पुष्पा पंत के आवास पर आयोजित बैठक में सुरेश भट्ट ने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की लगातार तीसरी जीत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से संगठन की मजबूती और जनसंपर्क पर ध्यान देना होगा। पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार चहुंमुखी विकास के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार की प्राथमिकता समाज के प्रत्येक वर्ग तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने की है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से भी संवाद किया और क्षेत्र की समस्याओं तथा विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक में प्रधान प्रतिनिधि महेश पंत, प्रेमा खत्री, क्षेत्र पंचायत सदस्य राहुल पंत, सुदामा लाल, किरन कपकोटी, मंजू आर्य, बालम मनराल, गोपाल बिष्ट, पवन वर्मा, सुनीता मयाल, ख्याली राम, हिमांशु जोशी, कमल बोरा, चंद्रप्रकाश बुढलाकोटी और चंद्रप्रकाश सनवाल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.