देहरादून, 01 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से पर्यटक अधिकारी के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आयोजित लिखित प्रतियोगी परीक्षा में लगभग 52 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा रविवार को देहरादून के निर्धारित परीक्षा केंद्र पर सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित की गई।
आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल ने बताया कि पर्यटक अधिकारी पद के लिए परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए गए थे। इसके साथ ही अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति भी दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि परीक्षा की निगरानी के लिए आयोग कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया था। यहां से आयोग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने परीक्षा केंद्र पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लाइव निगरानी की। आयोग ने परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग के लिए केंद्र अधीक्षक, जिला एवं पुलिस प्रशासन, अधिकारियों-कर्मचारियों, सेवा प्रदाताओं और आयोग के प्रतिनिधियों का आभार जताया।