यूपीसीएल के उपनलकर्मियों को मिलेगा समान कार्य के लिए समान वेतन, संगठनों ने एमडी पीसी ध्यानी का जताया आभार
देहरादून। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने उपनल के माध्यम से आउटसोर्स पर कार्यरत दो हजार से अधिक कर्मचारियों को समान कार्य, समान वेतन की सौगात दे दी है। एक मार्च से यूपीसीएल में यह लागू होगा। मार्च से जुलाई माह की अवधि का एरियर भुगतान मासिक किस्तों में किया जाएगा। यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी के अनुमोदन और शासन के विभिन्न शासनादेशों के अनुपालन में समान कार्य, समान वेतन लागू किया गया है। यूपीसीएल में एक जनवरी 2016 से पूर्व निरंतर नियोजित
कर्मियों को अब समान कार्य के लिए समान वेतन मिलेगा।


उत्तराखंड विद्युत संविदा कर्मचारी संगठन ने यूपीसीएल में उपनलकर्मियों को समान कार्य, समान वेतन का लाभ देने पर खुशी जताई। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विनोद कवि ने इसके लिए मुख्यमंत्री धामी, मुख्य सचिव आनंदबर्द्धन, प्रमुख सचिव ऊर्जा आर मीनाक्षी सुंदरम और यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी का विशेष आभार जताया। उपनल कर्मियों को वेतनमान का न्यूनतम वेतन और देय महंगाई भत्ता मिलेगा। इस व्यवस्था का लाभ एक मार्च 2026 से प्रदान किया जाएगा।