विधानसभा चुनाव को लेकर यूकेडी ने तेज की तैयारी, संगठन विस्तार पर जोर

पौड़ी गढ़वाल, 13 नवंबर (हि.स.)।आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। शुक्रवार को पौड़ी में आयोजित पार्टी की बैठक में संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति पर मंथन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि आगामी चुनाव में मजबूती से उतरने के लिए पार्टी को गांव-गांव तक सक्रिय करना होगा।

बैठक में केंद्रीय प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट और केंद्रीय उपाध्यक्ष दिनेश चंद्र ने कहा कि प्रदेश में यूकेडी की मजबूती के लिए जमीनी स्तर पर संगठन का विस्तार जरूरी है। इसके लिए नए लोगों और युवाओं को पार्टी से जोड़ने के साथ ही कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएं।

वक्ताओं ने कहा कि यूकेडी आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य के मूलभूत मुद्दों, क्षेत्रीय हितों और स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी। इसके लिए अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने और संगठन को बूथ व गांव स्तर तक मजबूत बनाने की जरूरत है। बैठक में कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की गतिविधियों को गति देने का आह्वान किया गया।

इस मौके पर जिलाप्रभारी समीर मुंडेपी, केंद्रीय सलाहकार समिति के सदस्य सुरेशचंद्र जुयाल, महिला प्रकोष्ठ की गढ़वाल मंडल प्रभारी सरस्वती देवी, युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष गौरव चंदोला, जिला उपाध्यक्ष वेदप्रकाश, देवेश डोभाल आदि शामिल रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.