नैनीताल, 24 नवंबर (हि.स.)। गुरु नानक देव जी ने पूरी सृष्टि को एक परमात्मा की रचना और किसी भी जीव की रक्षा करने को परमात्मा की सेवा के समान बताया था। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की पूर्व मध्यरात्रि को सिख समुदाय के युवाओं ने एक घायल हिमालयन घुरल की जान बचाकर गुरु नानक देव जी की वाणी को अपने कर्म से पूरा करके दिखाकर अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है। घायल वन्यजीव को गोविंद बल्लभ पंत उच्च स्थलीय प्राणी उद्यान के चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रकाश पर्व के अवसर पर नगर के मल्लीताल स्थित गुरुद्वारा गुरु सिंह साहिब को बिजली की रोशनी और फूलों की मालाओं से सजाने की व्यवस्था में जुटे कुछ युवा मध्यरात्रि को भवाली रोड की ओर निकले थे। इसी दौरान कैलाखान मार्ग पर टूटा पहाड़ से कुछ आगे उन्हें सड़क किनारे एक वन्यजीव असहाय अवस्था में पड़ा दिखाई दिया।
युवाओं ने वाहन रोककर उसकी हालत देखी तो पता चला कि उसका पिछला हिस्सा काम नहीं कर रहा था। उन्हें आशंका हुई कि इस अवस्था में छोड़ने पर मासूम वन्यजीव गुलदार का शिकार हो सकता है। इसके बाद उन्होंने तत्काल उसे सुरक्षित तरीके से अपने वाहन में रखा और नैनीताल चिड़ियाघर पहुंचाया। वहां एसडीओ ममता चंद के निर्देश पर घायल हिमालयन घुरल को तत्काल भर्ती कर लिया गया।
उल्लेखनीय है कि सिख दर्शन में सभी जीवों में परमात्मा का वास माना गया है। गुरु नानक देव जी ने अपनी वाणी में पूरी सृष्टि को एक परमात्मा की रचना बताया है। इसी दर्शन के अनुसार किसी भी जीव की रक्षा करना परमात्मा की सेवा के समान है। श्री गुरु ग्रंथ साहिब में ‘जीअ दया परवाणु’ का उपदेश भी जीवों के प्रति दया के महत्व को रेखांकित करता है। कमजोर, असहाय और बेजुबान जीवों की रक्षा का यह संदेश सिख परंपरा की मानवीय संवेदना को दर्शाता है।
प्रकाश पर्व से पहले नैनीताल के युवाओं का यह प्रयास गुरु नानक देव जी की दया और सेवा की शिक्षाओं को व्यवहार में उतारने का उदाहरण बना है। चिड़ियाघर प्रबंधन ने घुरल का उपचार शुरू कर दिया है। घुरल को बचाने में अमरप्रीत सिंह, संदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह, जसनीत सिंह, गगनदीप सिंह और अमनप्रीत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.