आप’ की दूसरी सूची के बाद राजासांसी में बगावत

चंडीगढ़, 13 नवंबर (हि.स.)। पंजाब में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आआपा) की ओर से उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी किए जाने के बाद पार्टी के भीतर विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। राजासांसी विधानसभा हलके में टिकट वितरण से नाराज तीन पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। इनमें पंजाब डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के डायरेक्टर सुखदीप सिंह छीना, हलका इंचार्ज राजवीर सिंह छीना और एससी विंग के कोऑर्डिनेटर गुरदेव सिंह चांचोटी शामिल हैं।

राजासांसी से सोनिया मान को उम्मीदवार बनाए जाने के फैसले से नाराज सुखदीप सिंह छीना ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता के साथ-साथ अपने सभी पदों से भी त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा को भेजा है। राजवीर सिंह छीना और गुरदेव सिंह चांचोटी ने भी संगठन में अपने पद छोड़ दिए हैं।

सुखदीप सिंह छीना पिछले करीब 13 वर्षों से आम आदमी पार्टी के साथ जुड़े हुए थे। उनका आरोप है कि राजासांसी से सोनिया मान को टिकट देकर पार्टी ने पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी की है। उन्होंने कहा कि सोनिया मान के कारण पार्टी के कई कार्यकर्ता पहले ही नाराज होकर अलग हो रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें उम्मीदवार बनाकर पुराने कार्यकर्ताओं की भावनाओं को नजरअंदाज किया गया है।

आम आदमी पार्टी ने 12 नवंबर को जारी उम्मीदवारों की दूसरी सूची में सोनिया मान को राजासांसी से चुनाव मैदान में उतारने का ऐलान किया था। इसके अगले ही दिन तीन पदाधिकारियों के इस्तीफे सामने आने से हलके में पार्टी की अंदरूनी खींचतान उजागर हो गई है। इससे पहले 31 अक्तूबर को आम आदमी पार्टी की पहली उम्मीदवार सूची जारी होने के बाद भी पार्टी को झटका लगा था। उस समय तीन विधायकों चेतन सिंह जौड़ामाजरा, हरमीत सिंह पठानमाजरा और कुंवर विजय प्रताप सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। बाद में इन तीनों नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था। अब दूसरी सूची के बाद राजासांसी में तीन पदाधिकारियों के इस्तीफे ने चुनाव से पहले पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.