देहरादून। पिटकुल के मीडिया प्रभारी अशोक कुमार जुयाल ने बताया कि प्रबन्ध निदेशक पी0सी0 ध्यानी जी के अनुमोदनोपरान्त पिटकुल में परिचालकीय संवर्ग एवं लिपिकीय संवर्ग के कार्मिकों को पदोन्नति का तोहफा मिला है, साथ ही आशुलिपिक एवं ड्राॅफ्टसमैन संवर्ग के कार्मिकों को वित्तीय स्तरोन्नयन का भी उपहार मिला। इसके अन्तर्गत पदोन्नति हेतु गठित कमेटी/साक्षात्कार कमेटी की संस्तुति के अनुक्रम में मानव संसाधन एवं प्रशासनिक विभाग द्वारा परिचालकीय संवर्ग के 20 पदों (श्रमिक से कुशल श्रमिक के 03 पदो, कुशल श्रमिक से तकनीशियन ग्रेड-द्वितीय (लाईन) के 05 पदों, श्रमिक/कुशल श्रमिक से तकनीशियन ग्रेड-द्वितीय (विद्युत) के 03 पदों तथा तकनीशियन ग्रेड-द्वितीय (लाईन) से तकनीशियन ग्रेड-प्रथम (लाईन) के 09 पदों) पर पदोन्नति के आदेश जारी किये गये। साथ ही कार्मिकों को देय वित्तीय स्तरोन्नयन कमेटी द्वारा की गयी संस्तुति के उपरान्त मानव संसाधन एवं प्रशासनिक विभाग द्वारा 01 ड्राॅफ्ट्स मैन तथा 01 आशुलिपिक श्रेणी-तृतीय को उनकी अनुमन्यता की तिथि से वित्तीय स्तरोन्नयन अनुमन्य किये जाने के आदेश निर्गत किये गये हैं।
इसके साथ ही लिपिकीय संवर्ग की पदोन्नति हेतु गठित कमेटी द्वारा लिपिकीय संवर्ग के 03 कार्मिकों, जिनमें कार्यालय अधीक्षक-विशेष श्रेणी से प्रशासनिक अधिकारी के 01 पद, कार्यालय अधीक्षक-प्रथम से कार्यालय अधीक्षक-विशेष श्रेणी के 01 पद तथा कार्यालय अधीक्षक-द्वितीय से कार्यालय अधीक्षक-प्रथम के 01 पद पर पदोन्नति की संस्तुति की है।
प्रबन्ध निदेशक द्वारा समस्त लाभकारी कार्मिकों को बधाई दी गयी तथा अवगत कराया गया कि प्रदेश के युवा, ऊर्जावान एवं प्रबंध विशेषज्ञ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व एवं मुख्य सचिव एवं अध्यक्ष, पिटकुल आनन्द बर्द्धन तथा प्रमुख सचिव (ऊर्जा) आर0 मीनाक्षी सुन्दरम के मार्गदर्शन एवं दिशा निर्देशों में पिटकुल के सभी कार्मिकों द्वारा टीम भावना एवं पूर्ण मनोयोग से किये जा रहे कार्यों के कारण पिटकुल निरन्तर प्रगति की ओर बढ रहा है। इसके साथ ही उनके द्वारा सभी कार्मिकों से अपना कार्य पूर्ण निष्ठा के साथ किये जाने एवं कारपोरेशन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने हेतु अपना शत-प्रतिशत योगदान दिये जाने की कामना की गयी।
उक्त आदेशों के जारी होने के उपरान्त कार्मिकों में खुशी की लहर है। लाभान्वित अधिकारियों द्वारा प्रबन्ध निदेशक का धन्यवाद ज्ञापित कर आभार व्यक्त किया गया.
विभिन्न पदों पर पदोन्नति हेतु गठित समितियों में मुख्य अभियन्ता स्तर-।, ईला चन्द, मुख्य अभियन्ता स्तर-।।, हितेन्द्र सिंह ह्यांकी, उपमहाप्रबन्धक (मा0सं0) विवेकानन्द, अधीक्षण अभियन्ता राजकुमार, ललित कुमार एवं अधिशासी अभियन्ता रविन्द्र कुमार उपस्थित हुये।
इसके साथ ही वित्तीय स्तरोन्नयन हेतु गठित समिति की बैठक में महाप्रबन्धक (मा0सं0) अशोक कुमार जुयाल, उपमहाप्रबन्धक (वित्त) शालू जैन, अधीक्षण अभियन्ता ललित कुमार सम्मिलित हुये।
इस अवसर पर मानव संसाधन एवं प्रशासनिक विभाग से विवेकानन्द, उपमहाप्रबन्धक (मा0सं0) दीपा रानी रावत राणा, कार्यालय अधीक्षक-प्रथम एवं ममता, कार्यालय अधीक्षक-प्रथम उपस्थित रही।