तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार की मौत

Motorcyclist killed after being hit by a speeding Scorpio

हल्द्वानी, 16 नवंबर (हि.स.)। हल्द्वानी में गोला बाईपास रोड पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और उसके पैर का पंजा शरीर से अलग हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार, हादसा आज सुबह करीब 9:30 बजे इंदिरा नगर रेलवे फाटक के सामने हुआ। चालक गोला बाईपास से शनि बाजार रोड की ओर मुड़ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर चोटें आने के कारण बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलने पर बनभूलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान प्रदीप हलदार (पुत्र अनंत हलदार), निवासी गोविंदनगर, शक्तिफार्म, ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को एंबुलेंस से भिजवाया। तलाशी के दौरान मृतक के पास से नकदी और अन्य जरूरी सामान भी मिला।

गोला बाईपास पर लगातार दूसरे दिन सड़क हादसा होने से मार्ग पर यातायात सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.