यूपीसीएल में पहली बार आयोजित हुई कॉमर्शियल डायरी कार्यशाला में एमडी पी.सी. ध्यानी ने पूरे दिन किया प्रतिभाग

देहरादून। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) में वाणिज्यिक एवं राजस्व संबंधी कार्यों में अधिक पारदर्शिता, शुद्धता एवं एकरूपता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज Commercial Diary विषय पर एक व्यापक स्तर की कार्यशाला का आयोजन किया गया। यूपीसीएल के इतिहास में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर आयोजित इस कार्यशाला में प्रदेश के विभिन्न डिवीजनों से फील्ड स्तर पर कार्यरत अधिकारियों एवं कार्मिकों ने प्रतिभाग किया।

कार्यशाला में Divisional Accountant (Revenue), Assistant Account Officer, Account Officer, Senior Account Officer, Junior Engineer, Assistant Engineer (Revenue) सहित विभिन्न स्तरों के अधिकारी एवं कार्मिक सम्मिलित हुए। कार्यशाला का प्रमुख उद्देश्य फील्ड स्तर पर Commercial Diary तैयार करने के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों, तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक त्रुटियों तथा राजस्व एवं ऊर्जा संबंधी आंकड़ों के संकलन में एकरूपता स्थापित करना रहा।
यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक  पी.सी. ध्यानी ने इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में पूरे दिन सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया। उन्होंने फील्ड अधिकारियों द्वारा रखी गई एक-एक व्यावहारिक समस्या एवं कठिनाई को गंभीरता से सुना तथा अनेक मामलों में मौके पर ही समाधान एवं आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

इस दौरान प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों से कहा कि Commercial Diary केवल एक नियमित कार्यालयी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह निगम के ऊर्जा एवं राजस्व संबंधी वास्तविक आंकड़ों के संकलन एवं समेकन (Consolidation) का एक अत्यंत महत्वपूर्ण आधार है। Commercial Diary में दर्ज आंकड़ों का प्रभाव आगे चलकर निगम की समग्र रिपोर्टिंग, ऊर्जा लेखांकन, राजस्व विश्लेषण एवं विभिन्न महत्वपूर्ण प्रबंधन निर्णयों पर पड़ता है। ऐसे में इसके प्रत्येक स्तर पर आंकड़ों की शुद्धता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित किया जाना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर पर Commercial Diary तैयार करते समय की गई छोटी-सी त्रुटि भी आगे चलकर समेकित आंकड़ों को प्रभावित कर सकती है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को अपने स्तर पर उपलब्ध कराए गए आंकड़ों एवं अभिलेखों की शुद्धता के प्रति विशेष रूप से सजग रहना चाहिए।

छोटी-छोटी प्रक्रियात्मक त्रुटियों पर रहा विशेष फोकस
कार्यशाला में विशेष रूप से उन छोटे लेकिन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई, जहां फील्ड स्तर पर अधिकारी एवं कर्मचारी सामान्यतः Commercial Diary तैयार करते समय अनजाने में त्रुटियां कर बैठते हैं।

इन छोटी-छोटी त्रुटियों का प्रभाव जब विभिन्न डिवीजनों एवं क्षेत्रों से प्राप्त आंकड़ों के साथ मिलकर देखा जाता है, तो पूरे निगम के Commercial Diary एवं समेकित Commercial Report की शुद्धता प्रभावित हो सकती है।

कार्यशाला में अधिकारियों को यह समझाया गया कि Commercial Diary में Energy Input, Energy Consumption, Revenue, Billing, Collection तथा अन्य संबंधित वाणिज्यिक आंकड़ों को दर्ज करते समय किन-किन पहलुओं का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। साथ ही, फील्ड से प्राप्त आंकड़ों एवं Corporate Office में होने वाले अंतिम समेकन के बीच बेहतर समन्वय एवं एकरूपता स्थापित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

 

Corporate Office के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश
प्रबंध निदेशक  पी.सी. ध्यानी ने कार्यशाला के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि Corporate Office द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित किया कि वे अपने निर्धारित कार्यालय में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि फील्ड एवं कार्यालय स्तर पर अधिकारियों की नियमित उपस्थिति और अपने निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन ही निगम की कार्यप्रणाली को प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी बना सकता है।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि यदि किसी प्रक्रिया अथवा दिशा-निर्देश को लेकर व्यावहारिक स्तर पर कोई कठिनाई आती है, तो उसे छिपाने अथवा लंबित रखने के बजाय उचित माध्यम से तत्काल उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया जाए, ताकि उसका समय पर समाधान किया जा सके।
वरिष्ठ अधिकारियों ने साझा किया व्यावहारिक अनुभव

कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में वरिष्ठ अधीक्षण अभियंताओं एवं वित्त विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण एवं जानकारी प्रदान की गई। इन सत्रों में Commercial Diary से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं, फील्ड स्तर पर अपनाई जाने वाली सावधानियों तथा सामान्यतः होने वाली त्रुटियों के संबंध में व्यावहारिक जानकारी साझा की गई।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को केवल नियमों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी देने के स्थान पर वास्तविक फील्ड परिस्थितियों एवं रोजमर्रा के कार्यों में आने वाली समस्याओं पर विशेष रूप से चर्चा की गई। प्रतिभागियों द्वारा अपने अनुभव एवं समस्याएं साझा की गईं, जिन पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा समाधान एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

“सही आंकड़ा, सही रिपोर्ट और बेहतर निर्णय” की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
प्रबंध निदेशक श्री पी.सी. ध्यानी ने कहा कि Commercial Diary की गुणवत्ता में सुधार का सीधा संबंध निगम की Commercial Accounting एवं Performance Monitoring से है। जब फील्ड स्तर से सही एवं प्रमाणिक आंकड़े प्राप्त होंगे, तभी निगम की वास्तविक स्थिति का सही आकलन किया जा सकेगा और उसी आधार पर भविष्य की रणनीति एवं निर्णय लिए जा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाओं का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि फील्ड एवं कॉरपोरेट स्तर के बीच संवाद को मजबूत करना और व्यावहारिक समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना भी है।

उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि कार्यशाला के दौरान प्राप्त जानकारी एवं दिशा-निर्देशों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में लागू करते हुए Commercial Diary की गुणवत्ता में सुधार लाया जाए तथा भविष्य में किसी भी स्तर पर अनावश्यक त्रुटियों की पुनरावृत्ति न हो।

एमडी की पहल की सराहना
यूपीसीएल में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर Commercial Diary जैसे महत्वपूर्ण विषय पर आयोजित इस कार्यशाला को निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, आंकड़ों की शुद्धता एवं जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
विशेष रूप से प्रबंध निदेशक श्री पी.सी. ध्यानी द्वारा स्वयं पूरे दिन कार्यशाला में उपस्थित रहकर फील्ड अधिकारियों की समस्याओं को सुनना, उनके प्रश्नों पर सीधे संवाद करना और यथासंभव मौके पर ही समाधान उपलब्ध कराना इस पहल को और अधिक प्रभावी बनाता है।
यह पहल न केवल अधिकारियों एवं कार्मिकों की कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक होगी, बल्कि इससे फील्ड स्तर पर Commercial Diary तैयार करने की प्रक्रिया में एकरूपता, शुद्धता एवं जवाबदेही सुनिश्चित होने की उम्मीद है, जिसका सकारात्मक प्रभाव अंततः यूपीसीएल की समग्र Commercial Reporting एवं Performance Monitoring पर पड़ेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.