पैठाणी थाने का एडीजी ने किया निरीक्षण, महिला अपराधों के त्वरित निस्तारण पर दिया जोर

पौड़ी गढ़वाल, 15 नवंबर (हि.स.)। अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखंड डॉ. वी. मुरुगेशन ने पैठाणी थाने का निरीक्षण कर पुलिस की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने महिला संबंधी मामलों और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के साथ ही लंबित विवेचनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एडीजी ने थाना परिसर, कर्मचारी बैरक, भोजनालय, महिला हेल्प डेस्क और हवालात का निरीक्षण किया। साथ ही मालखाने, माल मुकदमाती संपत्ति, शस्त्र एवं एम्युनिशन तथा एफआईआर और विवेचना से संबंधित अभिलेखों की जांच कर उनके सुव्यवस्थित रखरखाव के निर्देश दिए।

उन्होंने लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों, समन और वारंटों की समीक्षा करते हुए इनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया। कहा कि महिला संबंधी मामलों में पुलिस संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करे और महिला हेल्प डेस्क को प्रभावी बनाए रखे। क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने, बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन तेज करने और नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद एडीजी ने पुलिस कार्मिकों का सम्मेलन लेकर उनकी व्यक्तिगत और विभागीय समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करने तथा आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.