संत रविदास के विचारों से सामाजिक समरसता और समानता का संकल्प : धामी

हरिद्वार, 24 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के विचारों और आदर्शों को आत्मसात कर प्रदेश सरकार सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे के संकल्प को साकार करने की दिशा में कार्य कर रही है। संत रविदास का संदेश समाज के सभी वर्गों को जोड़ने व भेदभाव रहित व्यवस्था स्थापित करने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री सोमवार को डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित डिग्री कॉलेज, धनौरी में संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और संत रविदास के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास की समरसता की सोच को धरातल पर उतारते हुए उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई। इसके माध्यम से प्रदेश में रहने वाले सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था की गई है। जाति, पंथ और वर्ग से ऊपर उठकर कानून की नजर में सभी को समान अधिकार दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह हमारे व्यवहार और कार्यों में भी दिखाई देनी चाहिए। इसी उद्देश्य से सरकार अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों के विकास और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अनुसूचित जाति उपयोजना एवं ट्राइबल सब प्लान के तहत पिछले छह वित्तीय वर्षों में करीब 239 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इनसे अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। वहीं, पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत पिछले तीन वित्तीय वर्षों में एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को करीब 114 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत अनुसूचित जाति बहुल गांवों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है। बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजना के तहत देहरादून, अल्मोड़ा और नैनीताल में छात्रावासों का निर्माण कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि पति-पत्नी में से एक के अनुसूचित जाति वर्ग से होने पर दंपती को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। पिछले तीन वर्षों में 209 दंपतियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा शादी अनुदान योजना के तहत पात्र अनुसूचित जाति परिवारों की अधिकतम दो बेटियों के विवाह के लिए प्रति बेटी 50 हजार रुपये दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि स्वच्छकार भाई-बहनों की सुरक्षा और सम्मानजनक रोजगार सुनिश्चित करने के लिए नमस्ते योजना चलाई जा रही है। इसके माध्यम से उन्हें असुरक्षित सीवर एवं सेप्टिक टैंक की सफाई के कार्यों से मुक्त करने के साथ स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार संत रविदास के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों को जोड़ने और सबका साथ, सबका विकास के मंत्र को साकार करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने समरसता संकल्प यात्रा को सामाजिक एकता, समानता और भाईचारे की भावना मजबूत करने वाला आयोजन बताते हुए लोगों से संत रविदास के आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील की।

संतों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में महानिर्वाणी अखाड़े के श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि महाराज, बाबा हठयोगी महाराज, स्वामी प्रबोधानंद गिरि महाराज, महंत अरुणदास महाराज, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, रुड़की की मेयर अनीता अग्रवाल, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, श्यामवीर सैनी, लाल सिंह आर्य, भोला सिंह और गजेंद्र यादव मौजूद रहे। इसके अलावा गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.