यूजीसी कानून पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में चर्चा कराने की मांग

हरिद्वार, 20 नवंबर (हि.स.)। श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में यूजीसी कानून पर चर्चा कराने की मांग की है। अखाड़े ने स्थानीय भाजपा नेताओं से केंद्रीय नेताओं के साथ अखाड़े के पदाधिकारियों की मुलाकात कराने और सवर्ण समाज की चिंताओं से उन्हें अवगत कराने का आग्रह किया है।

परशुराम घाट पर आयोजित बैठक में अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि यूजीसी कानून को लेकर सवर्ण समाज में चिंता है। इसके प्रावधानों से सवर्ण समाज के बच्चों के भविष्य पर असर पड़ने की आशंका है। शिक्षा से जुड़े कानून का सीधा प्रभाव युवाओं पर पड़ता है, इसलिए सरकार को सभी वर्गों की चिंताओं को सुनना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अखाड़े के पदाधिकारी इस विषय पर केंद्रीय नेतृत्व के सामने अपना पक्ष रखना चाहते हैं। यदि उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया गया और प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात नहीं कराई गई तो विरोध दर्ज कराया जाएगा।

बैठक में पदम प्रकाश, कुलदीप शर्मा, स्वामी कार्तिकेय गिरी, विशाल चौहान, रोहित गिरी, मनोज ठाकुर, पवन भगवा, करण पंडित, ऋषि शर्मा और आचार्य संजय मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.