हरिद्वार, 18 नवंबर (हि.स.)। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। मामले में आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य की प्रेस वार्ता में कही गई बातों से नाराज अंकिता के माता-पिता मातृ सदन पहुंचे। यहां उन्होंने स्वामी शिवानंद सरस्वती से मुलाकात कर अपनी पीड़ा व्यक्त की और बेटी को न्याय दिलाने की गुहार लगाई।
इस दौरान अंकिता के पिता ने कुछ पत्रकारों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बेटी के सम्मान के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विनोद आर्य के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) सार्वजनिक करने के साथ ही उनका नार्को टेस्ट कराने की मांग उठाई, ताकि मामले से जुड़े तथ्यों की निष्पक्ष जांच हो सके।
वहीं, स्वामी शिवानंद सरस्वती ने अंकिता के माता-पिता को समर्थन देते हुए कहा कि परिवार को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि न्याय की मांग पूरी नहीं हुई तो वह अनशन शुरू करेंगे।
अंकिता के माता-पिता ने स्पष्ट किया कि बेटी को न्याय मिलने तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने मामले से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।