ब्लॉक प्रमुख के भाजपा में शामिल होने से टिहरी के सभी नौ ब्लॉकों में पार्टी का कब्जा

देहरादून, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने टिहरी जिले में अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत कर ली है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जौनपुर की ब्लॉक प्रमुख रीता पंवार, कनिष्ठ प्रमुख मंजू पंवार, जिला पंचायत सदस्य दीक्षा नेगी, सात क्षेत्र पंचायत सदस्यों और करीब एक दर्जन ग्राम प्रधानों सहित अन्य लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इन सभी ने धनोल्टी विधायक प्रीतम पंवार के प्रयासों से भाजपा का दामन थामा।

इस अवसर पर भट्ट ने कहा कि विकास की सरकार तीसरी बार बनाने का जनदबाव जनप्रतिनिधियों को भाजपा से जोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 13 में से 12 जिला पंचायत अध्यक्ष भाजपा के हैं और अब टिहरी जिले के सभी नौ ब्लॉक प्रमुख भी पार्टी से जुड़ गए हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार की तरह काम करने वाला राजनीतिक दल है, जहां सामान्य कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद तक पहुंच सकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति मिली है। सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और डिजिटल सुविधाओं के क्षेत्र में बदलाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ गरीबों तक पहुंच रहा है।

भट्ट ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के भीतर आंतरिक द्वंद और सत्ता की खींचतान किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को पार्टी की विचारधारा और सरकार के विकास कार्यों से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में 65 पार का लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका अहम है।

भाजपा में शामिल हुईं ब्लॉक प्रमुख रीता पंवार ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वह अपने सहयोगियों के साथ पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश मंत्री नलिन भट्ट, धनोल्टी विधायक प्रीतम पंवार और प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.