ज्योतिर्मठ, 18 नवंबर (हि.स.)। भगवान बदरी विशाल के कपाट 16 नवंबर को शीतकाल हेतु बंद हुए, कपाट बंद होने के बाद योगबदरी पांडुकेश्वर से द्वितीय दिवस मुख्य पुजारी श्री रावल सहित आद्य गुरु शंकराचार्य जी की पावन गद्दी प्रातः ज्योर्तिमठ हेतु प्रस्थान हुई, गोविन्द घाट, विष्णु प्रयाग मंदिर, मारवाड़ी, बीआरओ कैंम्प मे स्वागत के उपरांत नृसिंह मंदिर पहुंचने से पूर्व बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती की अगुवाई मे डिग्री कालेज गेट से मधुर बैंड धुन, महिला मंगल दलों व स्कूली बच्चों के कीर्तन भजनों के साथ आद्य गुरु शंकराचार्य की पवित्र गद्दी श्री नृसिंह मंदिर ज्योर्तिमठ पहुंची।
श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने जारी संदेश में यात्रा से जुड़ी समस्त संस्थानों का आभार जताया।कहा कि देव डोलियों के शीतकालीन प्रवास पहुंचने के साथ इस वर्ष का यात्रा मंगलम पूरा हुआ अर्थात यात्रा का आज से विधिवत समापन हुआ है तथा शीतकालीन यात्रा शुरू हो गयी है, उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष मुखवा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शीतकालीन यात्रा का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा निर्देश में बीकेटीसी द्वारा शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने की कवायद शुरू हो गयी है। इसी क्रम में प्रदेश सरकार ने ऋषिकेश स्थित यात्रा ट्रांजिट केंट में शीतकालीन यात्रा पंजीकरण काउंटर स्थापित कर दिये है। बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण व मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने जारी संदेश में श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी।
बुधवार को बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती की अगुवाई में ज्योतिर्मठ स्थित श्री नृसिंह मंदिर पहुंचने पर आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी का भव्य स्वागत हुआ। धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल तथा सभी वेदपाठियों ने पूजा-अर्चना संपन्न की, पवित्र गद्दी को दर्शन हेतु मंदिर परिसर में रखने के बाद गद्दी स्थल में सुशोभित कर दिया गया। बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बताया कि इस अवसर पर श्री नृसिंह मंदिर तथा सहवर्ती मंदिरों को पहली बार भब्य रूप से 17 क्विंटल फूलों से सजाया गया तथा श्री नृसिंह मंदिर सहित श्री वासुदेव मंदिर नव दुर्गा मंदिर सहित सभी मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनियों से प्रकाशमान किया गया एवं वृहद भंडारा आयोजित कर प्रसाद वितरण हुआ। धार्मिक कार्यक्रम के उपरांत नृसिंह मंदिर ज्योर्तिमठ परिसर में विशिष्ट जनो, देवपुजाई समिति सहित धर्माधिकारी, वेदपाठियों तथा प्रेस प्रतिनिधियों ने बीती 4 नवंबर को संस्कृति संसद काशी में तीन हजार संतो की उपस्थिति मे सम्मानित होने पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि बीते शुक्रवार 13 नवंबर को ज्योर्तिमठ के गणमान्य जनों के साथ आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी के स्वागत हेतु बैठक आयोजित की गयी थी तथा भब्य स्वागत कार्यक्रम हेतु रूप रेखा बनायी गयी थी आदिगुरु शंकराचार्य की गद्दी के स्वागत कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बिजेंद्र बिष्ट की विशेष सहभागिता रही।
आद्य गुरु शंकराचार्य जी की डोली के ज्योर्तिमठ पहुंचने के अवसर पर पर पूर्व उपाध्यक्ष किशोर पंवार, भाजपा नेता सुभाष डिमरी, पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, प्रभारी अधिकारी राजन नैथानी, पूर्व मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिरीश चौहान, कर्मचारी संघ अध्यक्ष बिजेंद्र बिष्ट, मंदिर प्रभारी राजेंद्र सेमवाल, प्रभारी शंकराचार्य मठ कमलेश कुकरेती, प्रधानाचार्य अरविंद पंत, व दर्वेश्वर थपलियाल, भाजपा नगर अध्यक्ष अमित सती, उपाध्यक्ष अनिल सकलानी, कांग्रेस नगर अध्यक्ष प्रकाश नेगी,देवपुजाई समिति के अध्यक्ष अनिल नंबूरी, रैंकवाल थोक अध्यक्ष अनूप पंवार, पालिका सभासद दीपक शाह, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विवेक थपलियाल, लेखाकार भूपेंद्र रावत, संदीप कपरवाण, जगमोहन बर्त्वाल, संतोष तिवारी,प्रबंधक राकेश नेगी,अजय सती,पुजारी हनुमान प्रसाद सुशील डिमरी, पंडित प्रेम कोटियाल, रामप्रसाद थपलियाल एवं समस्त वार्डों की महिला मंगल दल अध्यक्ष व पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या मे लोग मौजूद रहे।