मां नन्दा राणी का देवरा, रम्माण की धरती पर उमड़ा आस्था का सैलाब

गोपेश्वर, 18 नवम्बर (हि.स.)। करीब चार दशक बाद आयोजित हो रहे सिद्धपीठ लाता भगवती मां नन्दा राणी देवरा को लेकर पूरे पैनखंडा क्षेत्र में आस्था और उत्साह का माहौल है। विश्व सांस्कृतिक धरोहर रम्माण की धरती सलूड़-डुंग्रा में चार दिवसीय धार्मिक आयोजन शुरू हो गया है। मां नन्दा की देवरा यात्रा के गांव-गांव पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और पारंपरिक रीति-रिवाजों से स्वागत किया। देवरा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु सलूड़-डुंग्रा पहुंच रहे हैं।

धार्मिक परंपराओं के अनुसार मां नन्दा देवी गर्भगृह से देवरा यात्रा पर निकलीं। पहले पड़ाव सुभाईं गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने मां नन्दा का भव्य स्वागत किया। यहां रातभर जागर गायन के साथ मुखौटा नृत्य हुआ। इसके बाद देवरा यात्रा दूसरे पड़ाव बड़ागांव के लिए रवाना हुई। रास्ते में रिंगी, तपोवन और ढाक के ग्रामीणों ने पूजा-अर्चना कर मां नन्दा का स्वागत किया। बड़ागांव में भी पुष्पवर्षा के साथ देवरा यात्रा की अगवानी की गई। यहां देवभेंट के बाद रातभर जागर और मुखौटा नृत्य की प्रस्तुतियां हुईं।

बुधवार देर शाम देवरा यात्रा मुख्य आयोजन स्थल सलूड़-डुंग्रा पहुंची। इस दौरान सुभाईं और बड़ागांव के देवी-देवता अपने निशाण के साथ यात्रा में शामिल हुए। सलूड़-डुंग्रा और डूंग्री-बरोसी के क्षेत्रपाल देवताओं के मंदिर परिसर पहुंचने पर सुप्पा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कौणी के भात और फाफर के लड्डू का भोग अर्पित किया गया। रात्रि में म्वर-म्वरीण मुखौटा नृत्य की प्रस्तुति हुई।

जागर और मुखौटा नृत्य रहेंगे आकर्षण

गुरुवार को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मुखौटा नृत्य आयोजित होंगे। रातभर मां नन्दा के जागर गायन के साथ गोपीचंद-राणी राधिका नृत्य की प्रस्तुति होगी। इस दौरान बड़ागांव और सुभाईं से पहुंचे ग्रामीणों का भंडारी थोक और कुंवर थोक की ओर से पारंपरिक स्वागत किया जाएगा। शुक्रवार को मां नन्दा के सम्मुख श्रीदुर्गा सप्तशती का पाठ होगा। 21 नवंबर को मां नन्दा अष्टमी का मुख्य कार्यक्रम होगा। 22 नवंबर की सुबह फुरचेली नृत्य के साथ मां नन्दा श्रद्धालुओं को पुष्प प्रसाद वितरित करेंगी। इसके बाद चार दिवसीय प्रवास पूरा कर देवरा यात्रा अगले पड़ाव परसारी गांव के लिए रवाना होगी।

नई पीढ़ी तक पहुंचेगी धार्मिक विरासत

मां लाता नन्दा राणी देवरा आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं विश्व सांस्कृतिक धरोहर रम्माण के संयोजक डॉ. कुशल भंडारी ने कहा कि करीब 40 वर्षों बाद हो रहे इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर पूरे पैनखंडा में उत्साह है। यह आयोजन नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने का माध्यम बनेगा। उन्होंने बताया कि चार दिवसीय आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन से संपर्क किया गया है। आयोजन के दौरान आईटीबीपी प्रथम वाहिनी की ओर से चिकित्सा शिविर भी लगाया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.