चूल्हे-चौके से कॉरपोरेट बाजार तक पहुंचा पहाड़ का स्वाद, महिलाओं के हुनर ने बदली गांव की तस्वीर

देहरादून, 18 नवंबर (हि.स.)। पहाड़ के पारंपरिक स्वाद और ग्रामीण महिलाओं के हुनर ने इस बार दीपावली और भैया दूज पर दिल्ली की कंपनियों का दिल जीत लिया। उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों से तैयार आकर्षक गिफ्ट हैंपर महानगरों की कंपनियों के लिए खास आकर्षण बने। देहरादून जिले के सहसपुर विकासखंड स्थित कोटरा कल्याणपुर गांव की 10 महिलाओं ने 650 से अधिक गिफ्ट हैंपर तैयार कर 18 लाख रुपये से ज्यादा का कारोबार किया।

दून गूजबेरी फार्म स्वयं सहायता समूह की इन महिलाओं ने साबित कर दिया कि पहाड़ के पारंपरिक उत्पादों को आकर्षक पैकेजिंग और बेहतर विपणन के जरिए बड़े बाजारों तक पहुंचाया जा सकता है। खास बात यह रही कि इन गिफ्ट हैंपर में महंगे विदेशी उत्पादों के बजाय उत्तराखंड के गांवों में तैयार होने वाले स्थानीय खाद्य पदार्थों और हस्तनिर्मित वस्तुओं को जगह दी गई।

किसी हैंपर में बुरांश का लाल रंग वाला जूस था तो किसी में पहाड़ी नमक का चटपटा स्वाद। सेब का जैम, आम और नींबू की चटनी, शहद और बिस्किट के साथ हस्तनिर्मित मोमबत्तियों और दीयों ने इन उपहारों की खूबसूरती बढ़ाई। इस तरह प्रत्येक हैंपर में पहाड़ का स्वाद, स्थानीय परंपरा और महिलाओं की मेहनत का अनूठा संगम देखने को मिला।

समूह की अध्यक्ष नमिता रावत नेगी के मुताबिक, प्रत्येक गिफ्ट हैंपर दो से तीन हजार रुपये की कीमत पर बेचा गया। दिल्ली की विभिन्न कंपनियों से मिले ऑर्डर समय पर तैयार कर भेजे गए। इससे समूह को 18 लाख रुपये से अधिक की आय हुई। महिलाओं के लिए यह उपलब्धि केवल त्योहारों के दौरान हुआ कारोबार नहीं, बल्कि अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर भी साबित हुई।

इस सफलता के पीछे दिल्ली की सरस गैलरी की अहम भूमिका रही। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के माध्यम से संचालित इस मंच पर समूह की महिलाओं को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिला। इसी के जरिए बड़े संस्थानों और कंपनियों तक उनकी पहुंच बनी और व्यावसायिक ऑर्डर मिलने लगे।

सहायक परियोजना निदेशक अनीता पंवार के अनुसार, सरस गैलरी जैसे मंच स्वयं सहायता समूहों को उत्पादों की ब्रांडिंग, विपणन और बिक्री के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अवसर उपलब्ध करा रहे हैं। इससे ग्रामीण महिलाओं को बड़े खरीदारों के साथ सीधे कारोबार करने और अपने उत्पादों की बेहतर कीमत हासिल करने का मौका मिल रहा है।

दून गूजबेरी फार्म समूह की सफलता इसलिए भी खास है कि महिलाओं ने किसी बड़े कारखाने या भारी मशीनरी के बजाय स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक हुनर और आपसी सहयोग के दम पर अपना बाजार तैयार किया। पहाड़ के जिन उत्पादों का इस्तेमाल अब तक मुख्य रूप से स्थानीय घरों तक सीमित था, वे अब महानगरों में त्योहारों के आकर्षक उपहार बनकर पहुंच रहे हैं।

ग्रामीण आजीविका का यह मॉडल उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार में स्थापित करने की नई संभावनाएं भी खोलता है। गांव की इन 10 महिलाओं की पहल ने पहाड़ के स्वाद को नई पहचान देने के साथ यह साबित किया है कि सही मंच, बेहतर पैकेजिंग और बाजार तक पहुंच मिले तो ग्रामीण हुनर भी बड़े कारोबार में बदल सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.