कबड्डी में हरिद्वार का डबल धमाका, बालक-बालिका दोनों वर्गों में बना चैंपियन

हरिद्वार, 18 नवंबर (हि.स.)। कबड्डी के मैदान में हरिद्वार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में जिले का परचम लहरा दिया। टिहरी गढ़वाल के मुनिकीरेती स्थित पूर्णानंद स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय अनुसूचित जाति कबड्डी प्रतियोगिता में हरिद्वार की टीम ने बालक और बालिका दोनों वर्गों में चैंपियन बनकर दोहरे खिताब पर कब्जा जमाया।

दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। हरिद्वार के खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल, बेहतरीन तालमेल और मजबूत रणनीति का परिचय देते हुए विरोधी टीमों को कड़ी चुनौती दी।

बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में हरिद्वार की टीम ने उधमसिंह नगर को हराकर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग के फाइनल में हरिद्वार की बेटियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए देहरादून की टीम को शिकस्त दी और चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। दोनों वर्गों में खिताबी जीत के साथ हरिद्वार ने प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम किया।

टीम की इस उपलब्धि में कोच गुलाब सिंह और गौरव कुमार का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा। उनके निर्देशन में खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत के दम पर यह सफलता हासिल की। बालक और बालिका दोनों वर्गों में एक साथ चैंपियन बनने से हरिद्वार के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। इस उपलब्धि ने साबित किया कि जिले की ग्रामीण खेल प्रतिभाओं में प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाने की पूरी क्षमता है। सही प्रशिक्षण और अवसर मिलने पर ये खिलाड़ी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.