हॉस्टल में जूनियर डॉक्टर का फंदे से लटकता मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

कोलकाता, 09 नवंबर (हि.स.)। कोलकाता के उत्तरी उपनगर नागेरबाजार स्थित एक हॉस्टल के कमरे में एक जूनियर डॉक्टर का शव फंदे से लटकता हुआ पाया गया है। मृतक की पहचान 28 वर्षीय अभिजीत सरकार के रूप में हुई है। वह वर्तमान में मध्य कोलकाता के सियालदह स्थित सरकारी नील रतन सरकार (एनआरएस) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हाउस स्टाफ के तौर पर कार्यरत थे। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह या तो सुनियोजित हत्या है या फिर उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के माझेरग्राम स्थित सपजला के मूल निवासी अभिजीत ने 2018 में एनआरएस मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी। काम के सिलसिले में वह नागेरबाजार इलाके के एक हॉस्टल में रहते थे।

सोमवार सुबह मीडिया से बातचीत करते हुए परिजनों ने बताया कि रविवार शाम करीब चार बजे हॉस्टल प्रशासन ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि अभिजीत ने आत्महत्या कर ली है और उनका शव कमरे में फंदे से लटकता मिला है। आनन-फानन में उन्हें नजदीकी सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिजनों ने दावा किया है कि अभिजीत पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर कई रहस्यमयी पोस्ट कर रहे थे। इन पोस्ट को देखकर परिवार को अंदेशा हुआ था कि युवा डॉक्टर किसी कारणवश अत्यधिक असुरक्षा और तनाव की भावना से जूझ रहे हैं। हालांकि, परिवार को इस बात की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं थी कि उनकी इस चिंता और तनाव का असल कारण क्या था। परिजनों ने पुलिस के आत्महत्या के प्रारंभिक संदेह को सिरे से खारिज करते हुए दावा किया है कि अभिजीत ऐसा कदम नहीं उठा सकते। परिवार का आरोप है कि या तो उनकी हत्या की गई है या फिर किसी ने उन्हें ऐसा करने के लिए मजबूर किया है।

इस संबंध में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के लिए मृतक के परिजन नागेरबाजार थाने पहुंच गए हैं और उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या तथा आत्महत्या के लिए उकसाने के पहलू से जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण स्पष्ट हो सकेगा। इसके अतिरिक्त, जांच अधिकारी इस रहस्य को सुलझाने के लिए अभिजीत के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया पोस्ट की बारीकी से पड़ताल कर रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.