देहरादून, 04 नवंबर (हि.स.)। सतर्कता विभाग की ट्रैप टीम ने बुधवार को कोटद्वार अग्निशमन केंद्र के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी को छह हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपित अधिकारी पर पौड़ी गढ़वाल के लैंसडाउन स्थित एक होटल की फायर एनओसी जारी करने के एवज में शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।
सतर्कता विभाग के अनुसार, शिकायतकर्ता की ओर से इस संबंध में शिकायत किए जाने के बाद गोपनीय जांच कराई गई। जांच में मामला ट्रैप कार्रवाई के योग्य पाए जाने पर थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में अभियोग पंजीकृत किया गया। इसके बाद बुधवार को सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए भूपेश त्यागी को शिकायतकर्ता से छह हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।