दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन की रैली, राहुल-अखिलेश व ममता सहित विपक्षी नेता जुटे

नई दिल्ली, 01 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को विपक्षी दलों के इंडी गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली आयोजित की जा रही है। रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख फारूक अब्दुल्ला और राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव समेत विपक्षी दलों के कई बड़े नेता शामिल हुए। रैली के जरिए विपक्षी दल मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और कथित वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं। इसके साथ ही मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही है।

रैली के लिए विपक्षी दलों के नेताओं ने पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर मुलाकात की। इसके बाद नेता खुली बस में सवार होकर मार्च के शुरुआती स्थल की ओर रवाना हुए। मिंटो ब्रिज और कनॉट प्लेस जंक्शन से शुरू हुआ मार्च अजमेरी गेट के रास्ते रामलीला मैदान पहुंचा। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक भी मार्च में शामिल हुए। मैदान में इसके बाद जनसभा आयोजित की जा रही है, जो शाम 5 बजे तक चलेगी।

रैली में तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी और ममता बनर्जी भी शामिल होने पहुंचे। विपक्षी दलों की ओर से इस आयोजन को चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन का हिस्सा बताया जा रहा है। राहुल गांधी ने लोगों से बड़ी संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की है।

रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 4 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों और केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों की तैनाती की गई है। रामलीला मैदान को 14 सुरक्षा जोन में बांटा गया है और प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी सहायक पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। निगरानी के लिए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा ड्रोन और पुलिसकर्मियों के बॉडी कैमरों से भी नजर रखी जा रही है। मैदान में एक नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.