विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग का अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण

ऋषिकेश । ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने आज ऋषिकेश में निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग का मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने तथा श्रमिकों की सुरक्षा के सभी मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डॉ. अग्रवाल ने पार्किंग परिसर में नगर निगम के हिस्से में पूजा स्थल की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। अधिकारियों ने वहां हॉल निर्माण की जानकारी दी। इस पर डॉ. अग्रवाल ने हॉल के साथ मंदिर का निर्माण कराने के निर्देश भी दिए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को पूजा-अर्चना के लिए उचित स्थान उपलब्ध हो सके।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पेयजल लाइन के कारण निर्माण कार्य में आ रही बाधा की जानकारी दी। इस पर डॉ. अग्रवाल ने जलकल अभियंता अरुण रावत से फोन पर वार्ता कर पेयजल लाइन को जल्द हटाने के निर्देश दिए, जिससे निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके। उन्होंने पार्किंग स्थल के समीप स्थित पानी की टंकी से लंबे समय से हो रहे पानी के रिसाव पर भी कड़ी नाराजगी जताई और पेयजल की बर्बादी रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।

इसी क्रम में डॉ. अग्रवाल ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता वीके सिंह से फोन पर वार्ता कर निर्माण स्थल पर स्थित ट्रांसफार्मर को जल्द हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर के कारण रैंप निर्माण में परेशानी आ रही है, इसलिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से इस समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।

डॉ. अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न किया जाए। साथ ही, निर्माण स्थल पर कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए और सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए।

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन इस बहुमंजिला पार्किंग की क्षमता 1050 वाहनों की होगी। इसके निर्माण से ऋषिकेश में पार्किंग की समस्या को कम करने और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन नगरी है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में आधुनिक पार्किंग सुविधा शहर की आवश्यकताओं के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित होगी।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में ऋषिकेश में विकास कार्यों को गति मिल रही है। उन्होंने बताया कि उनके कैबिनेट मंत्री रहते हुए इस बहुमंजिला पार्किंग परियोजना को स्वीकृत कराया गया था। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य ऋषिकेश में पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ करना और स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ यहां आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

निरीक्षण के दौरान एमडीडीए के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, कनिष्ठ अभियंता सुनील उप्रेती, नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ला, कनिष्ठ अभियंता संदीप रतूड़ी, ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, मंडल महामंत्री दीपक बिष्ट, पूर्व पार्षद शिवकुमार गौतम, सोनू पाण्डे, पवन गोयल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.