बिजली निगम के इंजीनियर ने पत्नी के नाम लिया स्मार्ट मीटर लगाने का ठेका, निगम के संविदा कर्मियों से करवा रहा कार्य – बलूनी

देहरादून। बिजली निगम के जूनियर इंजीनियर ने विभागीय अधिकारियों के आँखों में धूल झोंककर स्मार्ट मीटर लगाने का ठेका खुद ही ले लिया है , सामाजिक कार्यकर्ता अनिल बलूनी ने अधीक्षण अभियंता को भेजे शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि निगम के अवर अभियंता गौरव नाथ द्वारा अपनी पत्नि के नाम पर नाम से एक कम्पनी रजिस्टर्ड करवाई गई है एवं उत्तराखंड पॉवर कारपोरेशन लिमिटेड से स्मार्ट मीटर लगाने हेतू अनुबंधित कम्पनी के साथ अपनी पत्नी की उक्त कम्पनी का अनुबंध कर, देहरादून ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में अन्य विभागीय कर्मचारियों अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता एवं अन्य अवर अभियंताओं के साथ सांठ गाँठ कर अपने पदों का दुरूपयोग करअनुबंधित कम्पनी के स्मार्ट मीटर अपने वेंडर कोड वाली कम्पनी में मैप करवाकर, विभागीय अनुबंधित कर्मचारियों जिनमे मुख्यतः उपनल, हेल्पसेल्फ तथा कॉन्ट्रैकचुअल कर्मचारियों के माध्यम से उपभोक्ता स्तर पर लगाये जा रहे हैं।

बलूनी ने कहा कि निगम के जेई के इस कारनामे की मौखिक शिकायत फोन और व्हाट्सअप के माध्यम से साक्ष्य सहित अधिशासी अभियंता अंकित जैन, गौरव सकलानी और निदेशक परिचालन एम एल आर्य को लगभग एक सप्ताह पूर्व की जा चुकी है, लेकिन सम्बंधित अधिकारियों द्वारा अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गयी।

बलूनी ने मांग की है कि दोषियों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही के साथ साथ कड़ी कानूनी कार्यवाही करनी आवश्यक है , जिसमे विभाग की ओर से प्रथमिकी दर्ज करवाई जाय , ताकि भविष्य में यह कार्यवाही एक नजीर बने और कोई भी अन्य विभागीय कर्मचारी/अधिकारी इस प्रकार का कुकृत्य करने की सोच भी ना सके।
