मानसून के बाद फिर गुलजार होगा राजाजी का जंगल, 15 से दौड़ेंगी जिप्सियां
Rajaji’s forests will come alive again after the monsoon; Gypsys will begin plying from the 15th.
हरिद्वार, 14 नवंबर (हि.स.)। करीब पांच महीने के इंतजार के बाद राजाजी टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी का रोमांच रविवार से फिर शुरू हो जाएगा। वन विभाग 15 नवंबर से रिजर्व के पर्यटन द्वार खोलने जा रहा है। नया पर्यटन सीजन अगले साल 15 जून तक चलेगा। इस दौरान पर्यटक जंगल की प्राकृतिक सुंदरता के साथ हाथियों, बाघों, गुलदारों और अन्य वन्यजीवों का दीदार कर सकेंगे।
पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले वन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को हरिद्वार रेंज की वन क्षेत्राधिकारी आभा रतूड़ी ने वन कर्मियों के साथ रावली, छिड़क, हरनोल और रानीपुर सफारी गेट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफारी मार्गों, वॉच टावर, वायरलेस व्यवस्था और प्रवेश द्वारों पर पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
वन क्षेत्राधिकारी आभा रतूड़ी ने बताया कि सभी सफारी मार्गों को दुरुस्त कर दिया गया है। गाइड और जिप्सी चालकों को भी आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ ब्रीफिंग दी गई है। पर्यटकों की सुरक्षा और सुगम सफारी विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) की गाइडलाइन और निर्धारित समय सीमा का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
इस बार सफारी के दौरान पर्यटकों को एक नए नियम का पालन करना होगा। अब जंगल के भीतर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। वन क्षेत्राधिकारी के अनुसार, न्यायालय के निर्देशों के बाद यह व्यवस्था लागू की जा रही है। पर्यटकों को प्रवेश द्वार पर ही अपने मोबाइल फोन जमा कराने होंगे। इसका उद्देश्य वन्यजीवों को मानवीय हस्तक्षेप से बचाना और जंगल की प्राकृतिक शांति बनाए रखना है। नियम का उल्लंघन करने पर पर्यटक का परमिट निरस्त किया जा सकता है।
चार रेंजों में मिलेगी सफारी की सुविधा:
इस पर्यटन सीजन में चीला, मोतीचूर, रानीपुर और मोहंड-चिल्लावाली रेंज में सफारी संचालित की जाएगी। इन सभी रेंजों की अपनी अलग विशेषता है। कहीं हाथियों के झुंड देखने को मिलते हैं तो कहीं गुलदार, सांभर और अन्य वन्यजीवों की मौजूदगी पर्यटकों को आकर्षित करती है। सफारी के लिए सुबह और दोपहर दो शिफ्ट निर्धारित की गई हैं।
वर्ष 1983 में स्थापित राजाजी राष्ट्रीय उद्यान को वर्ष 2015 में टाइगर रिजर्व का दर्जा मिला था। शिवालिक पर्वतमाला में फैला यह रिजर्व हरिद्वार, देहरादून और पौड़ी जिलों तक विस्तृत है। यह देश के महत्वपूर्ण हाथी कॉरिडोर में शामिल है। यहां बाघों की संख्या में भी लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। साल और शीशम के घने जंगलों के अलावा यहां पक्षियों की 500 से अधिक प्रजातियां पाई जाती हैं।
पर्यटन सीजन शुरू होने से स्थानीय जिप्सी संचालकों, गाइडों और होटल कारोबारियों को भी कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। वन विभाग ने पर्यटकों से ऑनलाइन परमिट लेकर आने, जंगल में प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने और सफारी के दौरान गाइड के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।