उत्तराखंड राज्योत्सव में पहुंचे अमित शाह, 1,475 करोड़ की परियोजनाओं की मिलेगी सौगात

Amit Shah arrives for Uttarakhand State Foundation Day; projects worth ₹1,475 crore to be unveiled

देहरादून, 06 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर शुक्रवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शामिल हुए। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे लोगों में समारोह को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। महिलाएं गढ़वाल, कुमाऊं और जौनसार की पारंपरिक वेशभूषा में अलग-अलग समूहों में कार्यक्रम स्थल पहुंचीं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर अमित शाह का स्वागत किया।

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश को 1,475.31 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी जा रही है। अमित शाह विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, आधारभूत ढांचे और जनसुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।

परेड मैदान में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज राज्य स्थापना दिवस को गौरव और उत्सव का दिन बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। चारधाम यात्रा के साथ शीतकालीन यात्रा को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरकार का जोर युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने पर है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

महाराज ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उत्तराखंड और सेना के नायकों के प्रति अभद्र टिप्पणियां करना अशोभनीय है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताने जैसी टिप्पणियों का जवाब दिया जाना चाहिए। प्रदेश की अस्मिता और सम्मान से जुड़े विषयों पर सभी को एकजुट रहना होगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, पर्यटन को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसर सृजित करने और निवेश आकर्षित करने पर जोर दिया जा रहा है। राज्य स्थापना दिवस का यह समारोह प्रदेश की अब तक की विकास यात्रा और भविष्य के लक्ष्यों को सामने रखने का अवसर बना है।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने उत्तराखंड के पूर्ण साक्षर राज्य बनने को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। सरकार साक्षरता के साथ शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए भी प्रयास कर रही है।

वहीं, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के लोग देश में अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की बात करने वाली कांग्रेस युवाओं को सहन नहीं कर पा रही है।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड ने राज्य स्थापना के 26 वर्षों का सफर विकास की दिशा में तय किया है। प्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में नए आयाम स्थापित कर रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.