देहरादून। आईटी/ओ.टी., स्काडा, गंगा कॉरिडोर ऋषिकेश में विद्युत लाइनों के भूमिगतीकरण, भारत तिब्बत सीमा पुलिस के सीमा चौकियों का विद्युतीकरण, वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत सीमांत गांवों का विद्युतीकरण सहित यूपीसीएल के सभी 14 विद्युत वितरण मंडलों में प्रणाली सुदृढीकरण के कार्यों की मैराथन समीक्षा की गई।
आई.टी / ओ.टी. बिलिंग परियोजना की समीक्षा में ध्यानी द्वारा विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि सॉफ्टवेयर मॉड्यूल को यूजर फ्रेंड्ली बनाया जाए एवं क्षेत्रीय कर्मचारियों एवं अधिकारियो का परामर्श लेकर किया जाए। फील्ड यूजर्स की ट्रेनिंग प्राथमिकता एवं गंभीरता के साथ की जाये। उन्होंने यूपीसीएल की अपनी टीम बनाने के निर्देश दिये जिससे आई.टी. कार्य करने वाले कर्मचारियों के विकल्प उपलब्ध हों व कार्यों में सबकी सहभागिता रहे। प्रबंध निदेशक द्वारा निर्देशित किया गया कि ससमय परियोजना पूर्ण की जाए इसके लिए प्रत्येक स्तर पर समुचित प्रयास सुनिश्चित की जाएँ।
गंगा कॉरिडोर क्षेत्र में ऋषिकेश के अंतर्गत विद्युत लाइनों के भूमिगतीकरण के सभी 7 पैकेजों की विस्तृत समीक्षा कि गई। सभी सातों कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया की आगामी कुंभ के दृष्टिगत माह नवम्बर-2026 तक कार्य पूर्ण किये जाने के अनुसार एक निश्चित कार्ययोजना के अनुसार कार्य पूर्ण किया जाना है। सभी विभागीय अधिकारियों को भी कार्य समय से पूर्ण किए जाने हेतु जी.टी.पी अनुमोदन, सामग्री निरीक्षण, डी आई आदि की कार्यवाही ससमय समग्र रूप से मिशन मोड में किए जाने के निर्देश दिए गए।
गंगा कॉरिडोर क्षेत्र के ऋषिकेश / हरिद्वार तथा देहरादून में स्काडा परियोजना के कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान परियोजना के विभिन्न घटकों की वर्तमान स्थिति, लंबित कार्यों तथा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण किए जाने के संबंध में दिशा निर्देश दिए गए। प्रबंध निदेशक यूपीसीएल ने कार्यों में शिथिलता पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्था को कार्यों में तेजी लाने हेतु निर्देशित किया अन्यथा सम्बंधित फर्म को नोटिस जारी किया जाए। कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया गया कि फैक्ट्री इंस्पेक्शन टेस्ट से संबंधित डॉक्युमेंट तथा फैक्टरी इंस्पेक्शन अगस्त माह में पूर्ण कर लिया जाए। इसके साथ ही क्षेत्रीय अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया कि स्काडा से संबंधित कार्यों को फील्ड स्तर पर दुरुस्त कर लिया जाए, जिससे कार्य समय सीमा के अंतर्गत पूर्ण किया जा सकें। प्रबंध निदेशक यूपीसीएल ने परियोजना के कार्यों को अक्टूबर, 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए सभी अधिकारियों को कार्यों की निरंतर निगरानी एवं समीक्षा करने के निर्देश दिए। कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया गया कि आप कार्यों में गति प्रदान करें यदि कोई बॉटल नेक के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है तो उसकी सूचना से तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाए।
लॉस रिडक्शन के कार्यों की प्रगति समीक्षा में समस्त कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यकतानुसार पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराते हुए कार्य में तेजी लाने हेतु निर्देशित किया गया। वर्तमान में लगभग 63 प्रतिशत भौतिक प्रगति के सापेक्ष 100 प्रतिशत की प्रगति माह सितंबर, 2026 तक का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। समस्त अधिशासी अभियंताओं को भी कार्यदायी संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया गया।
सभी अधीक्षण अभियंताओं को निर्देशित किया गया की समय-समय पर कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को यथावश्यक सहयोग सुनिश्चित की जाए।
सभी अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निदेशित किया गया कि इस बात का प्रत्येक दशा में खयाल रखा जाए की कारपोरेशन को किसी भी प्रकार से अनुदान की धनराशि का द्वास ना हो।
समाचार लिखे जाने तक समीक्षा बैठक जारी है तथा भारत तिब्बत सीमा पुलिस के सीमा चौकियों का विद्युतीकरण, वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत सीमांत गांवों का विद्युतीकरण के कार्यों की समीक्षा जारी है।