
देहरादून। भाजपा नेता एडवोकेट एन के गुसाईं ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मोहकमपुर में लगने वाले जाम से शीघ्र मुक्ति दिलाने की मांग की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को लिखे पत्र में भाजपा नेता गुसाईं ने कहा कि हरिद्वार रोड स्थित माजरी माफी-मोहकमपुर से हर रोज नेहरुग्राम,नत्थनपुर, नवादा,हरिपुर, माजरी माफी तथा आसपास के हजारों लोग आवागमन करते हैं।
प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों के अपने-अपने कार्यों से गंतव्य तक जाने के कारण यहां पर अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति रहती है, ऊपर से कोढ में खाज ये कि यहां पर जिस आरओबी(रेलवे ओवर ब्रिज)को जोगीवाला के आसपास तक बनना था,संबंधित कंपनी और विभाग की अदूरदृष्टि के कारण बहुत छोटा कर दिया गया है। नवादा,हरिपुर तथा माजरी माफी का ट्रैफिक सीधे आर-पार नहीं हो पाता है जिस कारण आये दिन घंटों-घंटों तक के समय का जाम लगा रहता है।
अपने पत्र में भाजपा नेता ने आगे लिखा है कि क्षेत्र के जागरूक नागरिक होने के नाते मेरा समस्त प्रभावित क्षेत्रीय जनता की ओर से आपसे विनम्र निवेदन है कि माजरी माफी-मोहकमपुर आरओबी को सीधे रिस्पना बाईपास स्थित फ्लाई ओवर से जोड़ने के साथ-साथ मोहकमपुर से माजरी माफी,हरिपुर नवादा होते हुए डिफेंस कालोनी तक सड़क की चौड़ाई कम से कम 30 फीट करने,मोहकमपुर से नत्थनपुर होते हुए रिंग रोड की भी पर्याप्त चौड़ाई करने हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित करेंगे।
कहा कि आगामी 30-40 वर्षों की दीर्घकालिक योजना बनाने से ही समस्या का स्थाई समाधान हो सकता है।
गुसाईं ने सीएम धामी से अपनी तीनों मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की अपील की है।
